सहरसा/पतरघट: सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र के भद्दी गांव में 21 वर्षीय एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने बिना पुलिस और मायके पक्ष को सूचना दिए आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पतरघट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता से शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सहरसा भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी करीब दो महीने पहले प्रेम प्रसंग के बाद भद्दी गांव के एक युवक से हुई थी। विवाह के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। बुधवार दोपहर उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि घटना के तुरंत बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने मामले को छिपाने की नीयत से जल्दबाजी में शव का दाह-संस्कार शुरू कर दिया।
इसी बीच किसी स्थानीय व्यक्ति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जल रही चिता से शव को निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस घर और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। यदि जांच में हत्या या किसी साजिश की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस फरार ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्रेम विवाह के महज दो महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत और उसके बाद जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की कोशिश ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जांच जारी है।