मधेपुरा, सिंहेश्वर। सिंहेश्वर थाना के समीप पिछले करीब दो वर्षों से सड़क किनारे खड़ा एक ट्रक राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। व्यस्त मार्ग पर लंबे समय से खड़े इस ट्रक को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक ट्रक को हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे स्थायी रूप से खड़ा यह ट्रक दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों एवं वाहन चालकों ने प्रशासन से अविलंब इस ट्रक को हटवाने, मामले की जांच करने तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।