SAHARSA NEWS:- रैक में छिपाकर लाई जा रही थी शराब की खेप, वैशाली एक्सप्रेस से 300 बोतल विदेशी शराब-बीयर बरामद। - Bihar City News

Breaking News

Friday, July 10, 2026

SAHARSA NEWS:- रैक में छिपाकर लाई जा रही थी शराब की खेप, वैशाली एक्सप्रेस से 300 बोतल विदेशी शराब-बीयर बरामद।

    संवाददाता/सनातन कुमार 

सहरसा: बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और उत्पाद विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वैशाली एक्सप्रेस के खाली रैक से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। कार्रवाई के दौरान करीब 300 बोतल विदेशी शराब एवं बीयर जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 48 हजार 600 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार, शुक्रवार को गाड़ी संख्या 15566 वैशाली एक्सप्रेस के मार्ग रक्षण दल में तैनात आरक्षी विजय कुमार ने सूचना दी कि उत्पाद विभाग की टीम सुपौल स्टेशन पर दो संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। गुप्त सूचना मिली थी कि ललितग्राम से सहरसा वाशिंग पिट आने वाले वैशाली एक्सप्रेस के खाली रैक के जरिए शराब की खेप लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार के नेतृत्व में टीम सक्रिय हो गई। राघोपुर, सरायगढ़ और सुपौल स्टेशन पर आरपीएफ जवानों को अलर्ट किया गया। इसके बाद सुपौल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर ट्रेन को रोककर आरपीएफ और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने एसी कोचों की सघन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान एसी कोच बी-4, बी-5 सहित अन्य कोचों से कुल 279 लीटर विदेशी शराब और 21 लीटर बीयर बरामद हुई। शराब को तीन पिट्ठू बैग और नौ प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखा गया था। जांच में सभी बोतलें हरियाणा निर्मित पाई गईं, जिन पर "For Sale in Haryana Only" अंकित था।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा (45), निवासी कृष्णानगर वार्ड-37 और विनीत कुमार (25), निवासी कहरा वार्ड-10 के रूप में हुई है। दोनों को उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तस्कर ट्रेनों के खाली रैक का इस्तेमाल कर बिहार में शराब की तस्करी कर रहे थे। आरपीएफ और उत्पाद विभाग अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गए हैं, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।