SUPAUL NEWS :- सुपौल में गैस कटर से ATM काटकर चोरी का प्रयास: हरियाणा का बदमाश गिरफ्तार, 4 साथी कार से फरार - Bihar City News

Breaking News

Sunday, August 23, 2026

SUPAUL NEWS :- सुपौल में गैस कटर से ATM काटकर चोरी का प्रयास: हरियाणा का बदमाश गिरफ्तार, 4 साथी कार से फरार


सुपौल/भपटियाही। भपटियाही बाजार स्थित SBI ATM को गैस कटर से काटकर रुपये चोरी करने के प्रयास का पुलिस ने खुलासा किया है। शनिवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस की नजर एटीएम में संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। पुलिस ने मौके से हरियाणा के एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार साथी कार से फरार हो गए।

गैस कटर से ATM काट रहे थे बदमाश

भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस टीम को एटीएम के अंदर कुछ लोगों की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। बदमाश गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन काटकर उसमें रखे रुपये निकालने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस वाहन को देखते ही बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि चार अन्य कार लेकर मौके से फरार हो गए।

गैस कटर और दो सिलेंडर बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुनफेद खान, निवासी बैसी गांव, नूह सदर थाना क्षेत्र, जिला नूह (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से गैस कटर मशीन और दो गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं।

चार फरार आरोपियों की पहचान

पूछताछ में मुनफेद खान ने अपने चार साथियों के नाम बताए हैं। फरार आरोपियों की पहचान खालिद (उटावड़), जुनैद (पिनेगवा), असगर और इलियास (दोनों मठेपुर) के रूप में हुई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े होने की जांच

ATM के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाली हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि एवं अधिवक्ता विद्यानंद ठाकुर के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी अंतरराज्यीय ATM चोर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही पूर्व में हुई ATM चोरी की घटनाओं में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।