सुपौल/राघोपुर। करजाईन थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 585 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब लदी पिकअप वैन को जब्त करते हुए उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई रविवार सुबह हरिराहा दुर्गा मंदिर के समीप की गई।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन से नेपाली शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ सुबह करीब 6 बजे हरिराहा दुर्गा मंदिर के पास पहुंचे और वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई।
22 बोरियों में मिले 65 कार्टन
पुलिस ने पिकअप वैन BR-50-GA-8101 की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक की बोरियों में शराब छिपाकर रखी गई थी। जांच में 22 बोरियों के अंदर 65 कार्टन मिले। इनमें कुल 1950 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 585 लीटर बताई गई है।
पुलिस ने शराब के साथ पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया।
चालक गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पिकअप चालक संदीप कुमार (22) को गिरफ्तार किया है। वह विशपुर दौलत का रहने वाला बताया गया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में मद्यनिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शराब की खेप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।