MADHEPURA NEWS:- मधेपुरा में CSP संचालक को गोली मार 7 लाख की लूट, गले में लगी गोली - Bihar City News

Breaking News

Wednesday, July 1, 2026

MADHEPURA NEWS:- मधेपुरा में CSP संचालक को गोली मार 7 लाख की लूट, गले में लगी गोली

    ब्यूरो रिपोर्ट/सनातन कुमार 

     MADHEPURA। मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशुआ गांव में बुधवार शाम अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक CSP संचालक को गोली मारकर 7 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
घायल सीएसपी संचालक की पहचान सीमांत सुंदरम (35) के रूप में हुई है, जो महेशुआ गांव के वार्ड-12 निवासी रविंद्र कुमार यादव के पुत्र हैं। गोली उनके गले के पास लगी है।
घायल सीमांत सुंदरम ने बताया कि वह बुधवार शाम Bank of India से 7 लाख रुपये निकालकर अपनी बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। उनके फुफेरे भाई प्रशांत कुमार दूसरी बाइक पर उनके पीछे चल रहे थे।
तुलसीबाड़ी से बदमाश कर रहे थे पीछा
सीमांत के अनुसार, तुलसीबाड़ी के पास से पल्सर 220 बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। घर से करीब 500 मीटर पहले बदमाशों ने पहली गोली चलाई, लेकिन वह उन्हें नहीं लगी। खतरा भांपते हुए सीमांत ने अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी।
कुछ दूरी आगे बढ़ने पर बाइक के बीच में बैठे एक बदमाश ने दूसरी गोली चलाई, जो सीधे सीमांत के गले के पास जा लगी। गोली लगते ही वह घायल हो गए और बदमाश रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
सदर अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सीमांत को तुरंत मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मधेपुरा पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ कर वारदात की जानकारी जुटाई। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है।
फिलहाल पीड़ित की ओर से थाना में लूटी गई राशि को लेकर लिखित आवेदन अभी तक नहीं दिया गया है, लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।