SITAMARHI NEWS:सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया प्रखंड में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. लाल बकेया नदी में नहाने के दौरान छह बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई.
लाल बकेया नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरगनिया प्रखंड स्थित लाल बकेया नदी में छह बच्चे नहाने के लिए गए थे. इसी दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया.
चार बच्चों को सुरक्षित बचाया गया
स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की तत्परता से चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सभी बच्चों की स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है. घटना के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई.
दो बच्चों की मौत से परिवारों में कोहराम
इस हादसे में बैरगनिया वार्ड संख्या 5 निवासी राहुल कुमार और आलोक कुमार की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है.