SAHARSA NEWS:- चचेरी भाभी से अवैध संबंध का विरोध करने पर पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या; चार साल का मासूम बना जश्मदीद - Bihar City News

Breaking News

Saturday, June 13, 2026

SAHARSA NEWS:- चचेरी भाभी से अवैध संबंध का विरोध करने पर पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या; चार साल का मासूम बना जश्मदीद

    ब्यूरो रिपोर्ट/सनातन कुमार 

SAHARSA: सहरसा जिले के पंचवटी चौक स्थित एक किराए के मकान में 35 वर्षीय सोनी कुमारी की कथित तौर पर उसके पति सोनू शर्मा ने हत्या कर दी। मृतका की मां के अनुसार पति का अपनी चचेरी भाभी के साथ कथित अवैध संबंध था, जिसका सोनी लगातार विरोध कर रही थी।बिहार के सहरसा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के पंचवटी चौक के पास एक किराए के मकान में रह रही महिला की उसके ही पति ने कथित रूप से निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान खगड़िया जिले की रहने वाली 35 वर्षीय सोनी कुमारी के रूप में हुई है। मृतका की मां ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सात साल पहले हुई थी शादी

मृतका की मां लीला देवी ने बताया कि खगड़िया जिले के ठूठी मोहनपुर गांव निवासी सोनू शर्मा की शादी करीब सात वर्ष पहले सोनी कुमारी से हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं, जिनमें छह वर्षीय मोनू और चार वर्षीय विवान शामिल हैं। सोनू शर्मा पेशे से प्लंबर का काम करता था।

चचेरी भाभी से संबंध को लेकर शुरू हुआ विवाद

परिजनों के अनुसार जब सोनू शर्मा दिल्ली में रहकर काम करता था, उसी दौरान उसका अपनी चचेरी भाभी के साथ कथित रूप से अवैध संबंध हो गया। जब सोनी कुमारी को इसकी जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया। विवाद बढ़ने के बाद वह अपने दोनों बच्चों को लेकर सहरसा आ गई और पति से अलग रहने लगी।

घरों में काम कर बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी महिला

सहरसा आने के बाद सोनी कुमारी पंचवटी चौक स्थित एक फौजी के मकान में दो हजार रुपये मासिक किराए पर रहने लगी। वह आसपास के घरों में घरेलू काम करके अपने दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। बताया गया है कि तीन दिन पहले ही सोनू शर्मा अपनी पत्नी और बच्चों के पास सहरसा आया था, लेकिन दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर फिर कहासुनी शुरू हो गई।

देर रात हुआ विवाद, फिर हुई हत्या

मृतका की मां के मुताबिक गुरुवार की देर रात पति-पत्नी के बीच कथित अवैध संबंध को लेकर फिर से तीखी बहस हुई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि सोनू शर्मा ने गुस्से में आकर पहले अपनी पत्नी का दुपट्टे से गला घोंट दिया और फिर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में सोनी कुमारी की मौत हो गई।

चार साल का बेटा बना घटना का चश्मदीद

इस दर्दनाक घटना का गवाह दंपति का चार वर्षीय बेटा विवान बना। परिजनों के अनुसार बच्चे ने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सहरसा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है।

आरोपी पति की तलाश में छापेमारी

सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में महिला की हत्या की गई है। एफएसएल टीम मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद आरोपी पति फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।