MADHEPURA NEWS:- मधेपुरा में दर्दनाक हादसा: आंगनबाड़ी जाने के दौरान 6 वर्षीय बच्चे को वाहन ने कुचला, मौके पर मौत - Bihar City News

Breaking News

Tuesday, June 30, 2026

MADHEPURA NEWS:- मधेपुरा में दर्दनाक हादसा: आंगनबाड़ी जाने के दौरान 6 वर्षीय बच्चे को वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

     ब्यूरो रिपोर्ट/सनातन कुमार 

मधेपुरा। जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद के वार्ड संख्या 22 स्थित जमुनिया टोला के समीप स्टेट हाईवे-58 पर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर जमुनिया वार्ड संख्या 22 निवासी नुनुलाल के पुत्र विवेक कुमार (06) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवेक सड़क पार कर आंगनबाड़ी केंद्र पढ़ने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिजनों के अनुसार, विवेक के पिता रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे प्रदेश में मजदूरी करने गए हुए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने उदाकिशुनगंज–चौसा–भटगामा मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने और सड़क हादसों पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। लोगों ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन मासूमों की जान जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारी वरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी है।