Patna/Vaishali: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली जिले के लालगंज अंचल में पदस्थापित अंचल अमीन सुजीत कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पटना से पहुंची SVU की टीम ने लालगंज में यह कार्रवाई की, जिसके बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। आरोपी अमीन पर जमीन के परिमार्जन और मापी के बदले भारी रिश्वत मांगने का आरोप है।
जमीन परिमार्जन के नाम पर मांगी थी 3.60 लाख की रिश्वत
विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वैशाली के सराय निवासी आनंद कुमार और लालगंज के मुर्गीयाचक निवासी पप्पू कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने जमीन के परिमार्जन के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया था, जिसके एवज में अमीन सुजीत कुमार ने पप्पू कुमार से 3 लाख रुपये और आनंद कुमार से 60 हजार रुपये, यानी कुल 3.60 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।
सत्यापन के बाद रची गई गिरफ्तारी की योजना
शिकायत मिलने के बाद SVU ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर विशेष निगरानी इकाई थाना में कांड संख्या-18/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक चन्द्रभूषण के नेतृत्व में विशेष धावा-दल का गठन किया गया।
सोमवार को जैसे ही आरोपी अमीन ने पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पटना में पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद SVU की टीम आरोपी अमीन को पटना लेकर पहुंची, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बिचौलियों और भू-माफियाओं में मचा हड़कंप
SVU की इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालयों में सक्रिय बिचौलियों और भू-माफियाओं के बीच भी हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी अमीन ने पूर्व में भी इसी तरह रिश्वत लेकर काम किए हैं या नहीं। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को संबंधित विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने SVU की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे भ्रष्ट अधिकारियों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।