बिहार के सिवान जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में 20 लाख रुपये के सोना लूटकांड का आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दोनों घुटनों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।
घटना मैरवा थाना क्षेत्र की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी श्रीनिवास सिंह के पुत्र अंकित कुमार सिंह (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अंकित 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई करीब 20 लाख रुपये की लूट में शामिल था।
पुलिस को देख बदमाश ने शुरू की फायरिंग
सिवान एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोना लूटकांड का आरोपी अपने एक साथी के साथ मैरवा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और तितरा बाजार के पास घेराबंदी की गई।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली अंकित कुमार के दोनों घुटनों में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गंभीर हालत में पटना रेफर
घायल आरोपी को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि गोली आरोपी के दोनों घुटनों को पार कर गई है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस अब इस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।