Samastipur News: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में डायल 112 पर तैनात एक दारोगा पर शराब के नशे में ड्यूटी करने का गंभीर आरोप लगने के बाद शनिवार रात जमकर हंगामा हुआ। मामला बथुआ बुजुर्ग गांव का है, जहां पिता-पुत्र के बीच घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के व्यवहार से ग्रामीण भड़क उठे।
बाद में बड़ी संख्या में लोग मुसरीघरारी थाना पहुंच गए और आरोपी पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
दारोगा विनोद कुमार सिंह ने अभद्र व्यवहार किया
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात बथुआ बुजुर्ग गांव में पिता-पुत्र के बीच विवाद की सूचना डायल 112 को दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दारोगा विनोद कुमार सिंह ने अभद्र व्यवहार किया।
ग्रामीणों ने कहा कि उनकी बातचीत और हावभाव देखकर लोगों को शराब सेवन का संदेह हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक, संदेह होने पर लोगों ने मोबाइल से वीडियो रिकार्डिंग शुरू कर दी। वीडियो बनता देख पुलिस टीम वहां से निकलने लगी, लेकिन ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर लिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने प्रभारी थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह से आरोपी दारोगा को बुलाने और मेडिकल जांच कराने की मांग की। स्थिति को देखते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष स्वयं मुसरीघरारी चौक स्थित उनके कमरे पर पहुंचे और उन्हें साथ लेकर थाना आए। ग्रामीणों ने इस मामले में लिखित आवेदन भी दिया है।
पुलिस टीम का व्यवहार बेहद आपत्तिजनक
आवेदन में कहा गया है कि सत्यापन के लिए पहुंची पुलिस टीम का व्यवहार बेहद आपत्तिजनक था। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि दारोगा ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे थे और उनकी बोली लड़खड़ा रही थी। साथ ही डायल 112 वाहन चालक पर भी तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया। मामले की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक डीएसपी आशीष राज मुसरीघरारी थाना पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद दारोगा विनोद कुमार सिंह को मेडिकल जांच के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई है। हालांकि प्रशासन की ओर से विभागीय और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद इलाके में पुलिस कार्यशैली को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।