SAHARSA:- सहरसा में तेज रफ्तार ट्रक ने बच्ची को कुचला, मौके पर मौत। - Bihar City News

Breaking News

Thursday, May 14, 2026

SAHARSA:- सहरसा में तेज रफ्तार ट्रक ने बच्ची को कुचला, मौके पर मौत।



   स्कूल वैन का इंतजार कर रही थी एलकेजी की छात्रा,             आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

बिहार सिटी न्यूज़, संवाददाता सहरसा:-
 सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मृत बच्ची की पहचान माली गांव निवासी अभिनंदन यादव की पुत्री अनुष्का कुमारी के रूप में हुई है। वह इन दिनों अपने ननिहाल भपटिया में रहकर पढ़ाई कर रही थी। अनुष्का सौर बाजार थाना क्षेत्र स्थित प्ले लर्न स्कूल में एलकेजी की छात्रा थी। उसकी मां सौर बाजार प्रखंड में जीविका में कार्यरत बताई जा रही हैं।

स्कूल वैन का इंतजार करते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह अनुष्का अपनी मां के साथ सड़क किनारे खड़ी होकर स्कूल वैन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हालांकि सहरसा सदर थाना पुलिस के सहयोग से पुलिस ने ट्रक को यादव चौक के पास से जब्त कर लिया। इस दौरान ट्रक चालक फरार होने में सफल रहा, जबकि खलासी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सड़क जाम कर लोगों ने किया हंगामा

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने भपटिया पंचवटी चौक के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण सड़क काफी संकरी हो गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सौर बाजार थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक की टक्कर से बच्ची की मौत हुई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है तथा खलासी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।