MADHEPURA NEWS:- मधेपुरा में दिल दहलाने वाली घटना: मां की डांट के बाद दो सगी बहनों ने लगाई फांसी, इलाके में मातम। - Bihar City News

Breaking News

Friday, May 15, 2026

MADHEPURA NEWS:- मधेपुरा में दिल दहलाने वाली घटना: मां की डांट के बाद दो सगी बहनों ने लगाई फांसी, इलाके में मातम।


 Bihar City News संवाददाता,ग्वालपाड़ा (मधेपुरा) :
मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोखसी पंचायत के अमौना गोढ़ियारी गांव में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मामूली पारिवारिक विवाद के बाद दो सगी बहनों ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक बहनों की पहचान 14 वर्षीय रीता कुमारी और 12 वर्षीय अनीता कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें शुक्रवार सुबह अपनी मां कविता देवी के साथ खेत में मक्का का भुट्टा छीलने गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर मां और बेटियों के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों के मुताबिक, गुस्से में मां ने मक्के के डंठल से दोनों बेटियों को हल्की चोट लगा दी थी। हालांकि उस समय दोनों बच्चियों ने कोई विरोध नहीं किया और कुछ देर बाद चुपचाप घर लौट आईं।

दोपहर करीब ढाई बजे जब मां खेत से काम खत्म कर वापस घर पहुंची, तो घर के अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। दोनों बेटियां कमरे में फंदे से झूल रही थीं। मां ने शोर मचाते हुए तुरंत दराती से रस्सी काटकर दोनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्वालपाड़ा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार, एएसआई ब्रजेश कुमार और इंस्पेक्टर संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक बच्चियों के पिता अरुण मुखिया मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार पर एक साथ दो बेटियों की मौत का ऐसा पहाड़ टूटा है, जिससे पूरा परिवार सदमे में है। गांव के लोग भी इस घटना को लेकर बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।