SAHARSA NEWS:-सहरसा में पैक्स अध्यक्ष अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार - Bihar City News

Breaking News

Monday, May 25, 2026

SAHARSA NEWS:-सहरसा में पैक्स अध्यक्ष अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार

    ब्यूरो रिपोर्ट/सनातन कुमार 

सहरसा । बख्तियारपुर पुलिस सर्किल क्षेत्र के चिरैया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोरदह पैक्स अध्यक्ष को अवैध हथियार और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपित के पास से एक देशी कट्टा और 12 राउंड जिंदा गोली बरामद की है.

सोमवार को बख्तियारपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि रविवार को चिरैया थानाध्यक्ष इंद्रजीत तांती को सूचना मिली थी कि अलानी पंचायत के रेहरवा गांव स्थित उदय यादव के बासा पर अरुण यादव का पुत्र और गोरदह पैक्स अध्यक्ष रोबिन कुमार अवैध हथियार और गोली के साथ मौजूद है.

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही रोबिन कुमार भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके कमर से एक देशी कट्टा और 12 राउंड जिंदा गोली बरामद की गई. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सलखुआ थाना क्षेत्र के बगेवा गांव वार्ड संख्या 08 का रहने वाला है. पूछताछ के बाद सोमवार को उसे सहरसा न्यायालय भेज दिया गया.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपित के पास इतनी संख्या में गोली कहां से आई और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था.

प्रेस वार्ता के दौरान चिरैया थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.