DARBHANGA NEWS:- दरभंगा में तेज आंधी से स्कूल की छत ध्वस्त, गांव घरऔर सड़क पर गिरा विशाल पेड़; बाल-बाल बचे लोग - Bihar City News

Breaking News

Tuesday, May 26, 2026

DARBHANGA NEWS:- दरभंगा में तेज आंधी से स्कूल की छत ध्वस्त, गांव घरऔर सड़क पर गिरा विशाल पेड़; बाल-बाल बचे लोग


दरभंगा। तेज गर्जन व आंधी‌ के साथ हुई बारिश से लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की। कई घरों, दुकानों के एस्बेस्टस, झोपड़ी एवं होर्डिंग उड़ गए। किरतपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मकतब कुबौल में रात्रि में दो मंजिला भवन के ऊपरी तल के कमरे का छत ध्वस्त हो गया।

विद्यालय में ग्राउंड फ्लोर पर दो और ऊपर में दो कमरे का निर्माण वर्ष 2007 में किया गया था। तारडीह प्रखंड के ककोढ़ा पंचायत के वार्ड 11 में नल-जल की टंकी गिर गई। भलुआही गाछी और लवकी पोखर के बीच 11 हजार वोल्ट के तार पेड़ गिर जाने से इलाके में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।

एक घर पर भी विशाल पेड़ गिरा
जाले के अहियारी अलीमाबाद में विद्युत तार पर पेड़ गिर गया। गररी पंचायत के कमालपुर में घर पर विशाल वृक्ष गिर गया। इससे घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। संयोगवश किसी जन की हानि नहीं हुई है। विद्युत आपूर्ति अब तक नहीं हुई है।

विद्युत कर्मी क्षतिग्रस्त तार को दुरुस्त करने में लगे हैं। दरभंगा - जयनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 527 बी पर केवटी के खिरमा पेट्रोल पंप के पास सड़क पर पेड़ गिर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। बाद में ग्रामीणों की मदद से विद्युत कर्मियों ने पेड़ को हटाकर आवागमन सुचारू कराया।