सहरसा शहरवासियों के लिए सौगात ,शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा की औपचारिक शुरुआत कर दी गई। कोशी चौक स्थित भवेश झा के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने फीता काटकर और गैस चूल्हा जलाकर इस नई सेवा का शुभारंभ किया।
इस मौके पर एडीएम निशांत, पीएनजी कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सहरसा के लोगों के लिए यह खुशी और गर्व का क्षण है। आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था की दिशा में शहर ने एक बड़ा कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल शहर के आठ वार्डों में पीएनजी सेवा शुरू की गई है और अगले एक महीने के भीतर पूरे शहर में यह सुविधा उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
सिलेंडर की झंझट से मिलेगी राहत
डीएम ने कहा कि पीएनजी सेवा शुरू होने से लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और बार-बार सिलेंडर बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। अब पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घरों तक गैस पहुंचेगी, जिससे उपभोक्ताओं को लगातार और निर्बाध आपूर्ति मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि पीएनजी पूरी तरह सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल ईंधन है। इसकी हाई कैलोरीफिक वैल्यू होने के कारण खाना जल्दी पकता है और गैस की बर्बादी भी कम होती है। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
वेस्ट एशिया संकट का भी किया जिक्र
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वेस्ट एशिया में चल रहे गैस संकट और पारंपरिक ईंधनों की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए अब लोगों को वैकल्पिक और आधुनिक ऊर्जा स्रोतों की ओर बढ़ना होगा। पीएनजी भविष्य का सुरक्षित और बेहतर विकल्प बनकर सामने आ रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार भी स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। ऐसे में सहरसा में पीएनजी सेवा की शुरुआत शहर के विकास और आधुनिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ढाई हजार लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
जिला प्रशासन की ओर से पीएनजी सेवा के विस्तार को लेकर टारगेट मोड में काम किया जा रहा है। डीएम ने बताया कि अब तक करीब ढाई हजार लोगों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द हर घर तक यह सुविधा पहुंचाई जाए।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करें, ताकि स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा का लाभ हर परिवार तक पहुंच सके।शहर में आधुनिक सुविधा जुड़ने से लोगों में उत्साह
पीएनजी सेवा शुरू होने के बाद शहरवासियों में भी उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना है कि अब उन्हें सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं सताएगी और घरों में गैस की आपूर्ति लगातार बनी रहेगी।
कोशी चौक इलाके में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना था कि जिस तरह बड़े शहरों में पाइपलाइन के जरिए गैस की सुविधा मिलती है, उसी तरह अब सहरसा में भी आधुनिक सुविधाएं पहुंच रही हैं।
पर्यावरण संरक्षण में भी मिलेगी मदद
अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी को स्वच्छ ईंधन माना जाता है। इसके इस्तेमाल से प्रदूषण कम होता है और पर्यावरण को नुकसान भी अपेक्षाकृत कम पहुंचता है। यही वजह है कि देशभर में अब पीएनजी नेटवर्क का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।