MDHEPURA:- इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, मधेपुरा में एक ही पंचायत से 2 किशोरी प्रेमी संग हुई फरार - Bihar City News

Breaking News

Monday, May 18, 2026

MDHEPURA:- इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, मधेपुरा में एक ही पंचायत से 2 किशोरी प्रेमी संग हुई फरार


कुमाखंड, मधेपुरा। श्रीनगर थाना क्षेत्र की एक ही पंचायत से दो किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों मामले में अलग-अलग युवकों को आरोपित बनाया गया है।

पीड़ित स्वजन ने श्रीनगर थाना में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों किशोरियों की तलाश में जुट गई है।

पहली घटना के अनुसार युवक की पहचान इंटरनेट मीडिया इंस्टाग्राम पर सहरसा जिले के सिमरीबख्तियारपुर निवासी योगी साह के पुत्र प्रेम कुमार से हुई थी।

बताया जाता है कि दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। शनिवार की शाम करीब पांच बजे किशोरी अचानक घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो स्वजन को प्रेम कुमार पर शक हुआ।

दूसरी घटना
वहीं, दूसरी घटना रविवार सुबह करीब सात बजे की है। स्वजन का आरोप है कि पुरैनी वार्ड संख्या छह निवासी विनोद मेहता का पुत्र विकास मेहता उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

इस घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार इन दोनों के बीच भी मोबाइल और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से बातचीत होती थी। दोनों मामलों में स्वजन ने श्रीनगर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है।
आवेदन में किशोरियों को बरामद कर आरोपित युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है तथा मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों की तलाश की जा रही है।

थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। दोनों किशोरी की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।