सलखुआ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो लग्जरी कारें और 5 मोबाइल जब्त
सहरसा जिले के सलखुआ थाना पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की भारी खेप बरामद की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो लग्जरी कारों से कुल 1500 बोतल यानी 150 लीटर अवैध कफ सिरप जब्त किया है। इस दौरान 5 तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क का तार पटना से जुड़े एक कथित मास्टरमाइंड से जुड़ने का खुलासा हुआ है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, 8 मई की रात सलखुआ थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक सुबालाल पासवान सशस्त्र बलों के साथ रात्रि गश्ती पर थे। इसी दौरान रात करीब 12:10 बजे थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि मानसी (खगड़िया) की तरफ से दो उजले रंग की चारपहिया वाहनों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप लेकर कुछ तस्कर सहरसा की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और कोपरिया स्थित एसएच-95 कारीकुड त्रिमुहानी के पास बैरियर लगाकर वाहन जांच शुरू कर दी।
पुलिस को देखकर भागने लगे तस्कर
रात करीब 12:45 बजे एक वैगनआर कार (BR19X2079) और उसके पीछे एक बलेनो कार (BR19X2151) आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा करते ही दोनों वाहनों के चालकों ने गाड़ी घुमाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस जवानों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई तलाशी
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए सलखुआ अंचल के राजस्व अधिकारी सचिन आनंद को दंडाधिकारी के रूप में मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में दोनों वाहनों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वैगनआर कार की डिक्की से 6 कार्टन बरामद किए गए, जिनमें कुल 900 बोतल यानी 90 लीटर CHEFAX-TC कफ सिरप रखा था। वहीं बलेनो कार की डिक्की और बीच वाली सीट से 5 कार्टन में 600 बोतल यानी 60 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों गाड़ियों से कुल 1500 बोतल यानी 150 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप के अलावा 5 महंगे स्मार्टफोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार तस्करों की हुई पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहरसा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले युवकों के रूप में की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
रौशन कुमार झा (26 वर्ष), निवासी- वासुदेवा, बनगांव
उदय प्रताप सिंह (25 वर्ष), निवासी- रहुआमणि, बनगांव
सुबोध Kumar उर्फ निशांत शेखर (31 वर्ष), निवासी- रहुआमणि, बनगांव
प्रणव कुमार उर्फ बौआ (28 वर्ष), निवासी- मुरली बसंतपुर, बनगांव
शंकर कुमार (32 वर्ष), निवासी- बारा, बिहरा
पटना से संचालित हो रहा था पूरा नेटवर्क
पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार शंकर कुमार और सुबोध कुमार ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित कफ सिरप की सप्लाई सिद्धार्थ कुमार उर्फ “पीयूष हंटर” नामक व्यक्ति द्वारा की जाती थी।
बताया गया कि पीयूष हंटर मूल रूप से सहरसा के हाईस्कूल रोड वार्ड संख्या-16 का निवासी है और वर्तमान में पटना में फ्लैट लेकर रह रहा है। वहीं से वह इस अवैध कारोबार का संचालन कर रहा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में सलखुआ थाना पुलिस ने गिरफ्तार पांचों तस्करों, कथित मास्टरमाइंड पीयूष हंटर तथा दोनों जब्त वाहनों के मालिकों समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस अब फरार सरगना पीयूष हंटर की गिरफ्तारी तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने की पुलिस कार्रवाई की सराहना
सलखुआ थाना पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने में मदद मिलेगी।