पूर्णिया: शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्णिया पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग टीओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक लग्जरी चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।
गुप्त सूचना पर की गई घेराबंदी
जानकारी के अनुसार गुलाबबाग टीओपी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक चार चक्का वाहन में शराब की बड़ी खेप तस्करी के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से कुल 217.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
तीन तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान —
अबुतलहा, निवासी हरियाबाड़ा, थाना आरएस, जिला अररिया
सूरज कुमार साह, निवासी सिंघिया बस्ती, थाना सदर, जिला पूर्णिया
मो. सदीक, निवासी महलगांव, जिला अररिया
के रूप में हुई है।
वाहन और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त चार पहिया वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। सभी आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी
पूर्णिया पुलिस ने बताया कि जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी जांच में जुटी हुई है।