KHAGARIYA NEWS:- खगड़िया में पिकअप की टक्कर से भाई-बहन की मौत, पिता गंभीर - Bihar City News

Breaking News

Wednesday, May 27, 2026

KHAGARIYA NEWS:- खगड़िया में पिकअप की टक्कर से भाई-बहन की मौत, पिता गंभीर


Khagaria: एनएच-31 पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है. बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्राह बाजार के पास अनियंत्रित पिकअप वाहन ने सड़क पार कर रहे पिता और उसके दो बच्चों को रौंद दिया. हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है. मृतकों की पहचान खगड़िया जिले के गंगौर थाना क्षेत्र स्थित छोटी जलकौड़ा गांव निवासी 6 वर्षीय दिलीप कुमार और 14 वर्षीय चांदनी कुमारी के रूप में हुई है. घायल पिता जनार्दन तांती का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

जानकारी के अनुसार जनार्दन तांती अपने बेटे और बेटी के साथ रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे. इसी दौरान कुर्राह बाजार के पास सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने तीनों को टक्कर मार दी. हादसे में दिलीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चांदनी कुमारी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

गुरुवार सुबह जैसे ही दोनों बच्चों का शव छोटी जलकौड़ा गांव पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच-31 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है.