मधेपुरा के गम्हरिया थाना क्षेत्र के बभनी में मंगलवार की सुबह एक BPSC शिक्षक का किराए के घर में पंखा से लटकता शव मिला है। मृतक की पहचान भागलपुर के पीरपैंती निवासी मंगल मंडल के बेटे प्रवीण कुमार (30) के रूप हुई है। वह पारसमणी उच्चतर विद्यालय में अंग्रेजी विषय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। फरवरी 2024 में इनकी ज्वाइनिंग हुई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही गम्हरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
बभनी पंचायत के सरपंच राजेश कुमार झा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह में स्कूल के प्रधानाध्यापक जब शिक्षकों की उपस्थिति बना रहे थे, तो इनके मोबाइल पर फोन किया था। इनका मोबाइल स्विच ऑफ था। हाजिरी बनाने के बाद स्कूल के शिक्षक बिजली का समान खरीदने के लिए बाजार आए हुए थे। बगल में ही उनका कमरा था, वहां जाकर उनके रूम पर जाकर देखा तो अंदर से रूम बंद था।
पंखे से लटका मिला शव
उन लोगों ने बगल के लोग को बुलाकर रूम खुलवाया तो देखा कि उसका शव रूम में पंखा से लटक रहा है। घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी गई। दोपहर डेढ़ बजे तक परिजन घटना स्थल पर नहीं पहुंचे थे। परिजनों के आने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल पाएगा।
मधेपुरा एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है। मामले की छानबीन की जा रही है।
इनसे पहले 26 सितंबर की रात गम्हरिया थाना क्षेत्र के टोका गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की एक सहायक शिक्षिका ने आत्महत्या कर ली थी। वह उत्तर प्रदेश के अयोध्या की रहने वाली थी। टोका गांव में किराए के मकान में रहती थी। उसने दरवाजा बंद कर पंखे में दुपट्टे का फंदा बनाकर गले में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।