JAMUI NEWS :- जमुई की लक्ष्मी ने जीता मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब, 2027 में बोलीविया में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व - Bihar City News

Breaking News

Tuesday, August 25, 2026

JAMUI NEWS :- जमुई की लक्ष्मी ने जीता मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब, 2027 में बोलीविया में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व


JAMUI: जमुई की बेटी लक्ष्मी भार्गव ने मॉडलिंग की दुनिया में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हरनाहा निवासी उमाकांत सिंह और विभा देवी की बेटी लक्ष्मी ने मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया है। बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आई प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर यह सफलता हासिल की।

अहमदाबाद में हुआ ग्रैंड फिनाले

प्रतियोगिता का भव्य ग्रैंड फिनाले गुजरात के अहमदाबाद स्थित ईकेए एरिना में आयोजित किया गया। खिताब जीतने के साथ ही लक्ष्मी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।

अब वह वर्ष 2027 में बोलीविया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

परिवार और शुभचिंतकों का जताया आभार

खिताब जीतने के बाद लक्ष्मी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों के लगातार समर्थन के लिए आभार जताया।

लक्ष्मी ने कहा कि अब उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की संस्कृति, आत्मविश्वास, खूबसूरती और मजबूती को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है।

2021 में जीता था बेस्ट स्माइल अवार्ड

लक्ष्मी का मॉडलिंग सफर चुनौतियों से भरा रहा है। करियर की शुरुआत में उन्हें सामाजिक सोच और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी।

वर्ष 2021 में पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने बेस्ट स्माइल अवार्ड जीता था। इसके बाद फरवरी 2022 में उन्होंने मिस बेतिया का खिताब अपने नाम किया और उसी साल मिस टीन इंडिया सुपरमॉडल भी बनीं।

मिस फेस ऑफ इंडिया भी रह चुकी हैं

वर्ष 2025 में लक्ष्मी ने मिस फेस ऑफ इंडिया का खिताब जीता था। इसी वर्ष उन्होंने मिस साउथ एशिया यूनिवर्स प्रतियोगिता में सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया।

अब मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद लक्ष्मी की नजर अंतरराष्ट्रीय मंच पर है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और जमुई जिले में खुशी का माहौल है।