SAMASTIPUR NEWS: खेत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी। - Bihar City News

Breaking News

Thursday, June 4, 2026

SAMASTIPUR NEWS: खेत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी।


समस्तीपुर खबर: उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलारी चौक से योगी चौक गावपुर जाने वाली सड़क किनारे गुरुवार शाम एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. खजूरबन्नी और परवल के खेत के बीच शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मृतक की पहचान गावपुर पंचायत (वार्ड चार) निवासी सुरेश दास के पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है.

दो दिन पहले ही परदेश से लौटा था युवक
बताया जाता है कि सुमन परदेश में रहकर टाइल्स लगाने का काम करता था और दो दिन पूर्व ही अपने गांव लौटा था. गुरुवार शाम जब मजदूर खेत में परवल तोड़ रहे थे, तब उनकी नजर शव पर पड़ी. शुरुआत में लोगों ने भीषण गर्मी के कारण उसके बेहोश होने की आशंका जताई. हालांकि, शव के पास ही युवक का मोबाइल और कुछ दूरी पर उसकी बाइक खड़ी मिली, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है.

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने सुमन की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. सूचना मिलते ही उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.