पहले पुलिस की तारीफ, अब बोले- लेट पहुंची, एक बार फिर अपने बयान से पलटे खान सर - Bihar City News

Breaking News

Friday, June 5, 2026

पहले पुलिस की तारीफ, अब बोले- लेट पहुंची, एक बार फिर अपने बयान से पलटे खान सर


खान सर के पुराने और नए बयानों पर सवाल उठने लगे हैं. पहले पुलिस की तारीफ करने वाले खान सर अब कह रहे हैं कि पुलिस देर से पहुंची थी, इसलिए गार्ड्स को आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी. इससे पहले भी वह फायरिंग को लेकर अपने एक बयान से पलट चुके हैं. पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और फायरिंग विवाद के बीच खान सर एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं. इस बार वजह पुलिस को लेकर उनका बदला हुआ रुख है. घटना के बाद उन्होंने शुरुआत में पुलिस की कार्रवाई की सराहना की थी, उसी मामले में अब उनका कहना है कि पुलिस देर से पहुंची थी और इसी वजह से उनके गार्ड्स को आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी.फायरिंग का वीडियो सामने आने और पुलिस जांच के बाद उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.हमले की घटना के बाद शुरुआती दौर में खान सर पुलिस की कार्रवाई की तारीफ करते नजर आए थे. लेकिन अब उनका कहना है कि घटना के वक्त पुलिस समय पर नहीं पहुंची. फायरिंग के वीडियो पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि मारपीट हो रही थी और उन्हें पता था कि पुलिस को मौके पर पहुंचने में समय लगेगा. उनका कहना था कि पुलिस ‘उड़कर’ नहीं पहुंच सकती, इसलिए सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की.

यहीं से सवाल उठने लगे हैं कि आखिर जिस पुलिस की कार्रवाई की पहले सराहना की जा रही थी, उसी पुलिस की देरी अब फायरिंग को जायज ठहराने का आधार कैसे बन गई?

फायरिंग पर भी बदल चुके हैं बयान
पुलिस को लेकर बदले रुख से पहले भी खान सर अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ चुके हैं. हमले के तुरंत बाद उन्होंने दावा किया था कि कोचिंग सेंटर पर 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई थी. यह बयान काफी सुर्खियों में रहा था. हालांकि बाद में वे इस बयान से पलट गए थे.

अब आत्मरक्षा में फायरिंग की दलील के साथ उनका नया बयान सामने आया है, जिससे विरोधी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर मामले में लगातार अलग-अलग दावे क्यों सामने आ रहे हैं.