SAHARSA:सहरसा जिले के सोनवर्षा प्रखंड स्थित अतलखा गांव के रहने वाले आनंद कुमार मिश्र उर्फ बंटी ने 70वीं बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) पद के लिए चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है. पहले ही प्रयास में 90वीं रैंक प्राप्त करने वाले आनंद की इस उपलब्धि से गांव से लेकर शहर तक खुशी का माहौल है और उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
गांव से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक का सफर
आनंद कुमार मिश्र ने प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद वर्ष 2013 में धनबाद से मैट्रिक और रांची से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद उन्होंने गणित विषय से स्नातक प्रतिष्ठा की पढ़ाई पूरी की. छात्र जीवन से ही वे पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे और लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करते रहे.
एक के बाद एक कई परीक्षाओं में हासिल की सफलता
आनंद ने अपने करियर की शुरुआत भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय में एलडीसी के रूप में चयनित होकर की. इसके बाद दूसरे प्रयास में वे शहरी विकास एवं आवासन मंत्रालय में अकाउंटेंट बने. तीसरे प्रयास में उन्होंने भारत सरकार के कस्टम विभाग में निवारक अधिकारी के पद पर सफलता हासिल की और गोवा में अपनी सेवा दी.
गोवा में नौकरी के दौरान शुरू की बीपीएससी की तैयारी
कस्टम विभाग में सेवा के दौरान ही आनंद के मन में समाज और गांव के लिए कुछ करने का विचार आया. इसी उद्देश्य से उन्होंने बीपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की. मेहनत और लगन का परिणाम यह रहा कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा में उन्होंने पहले ही प्रयास में 90वीं रैंक हासिल कर बिहार प्रशासनिक सेवा में अपनी जगह बनाई