PURNIA NEWS:-भवानीपुर में अज्ञात बदमाशों ने मुखिया पति पर जानलेवा हमला किया, हथियार के बट से मार किया, पैसे भी लूटे। - Bihar City News

Breaking News

Saturday, June 6, 2026

PURNIA NEWS:-भवानीपुर में अज्ञात बदमाशों ने मुखिया पति पर जानलेवा हमला किया, हथियार के बट से मार किया, पैसे भी लूटे।

PURNIA NEWS:पूर्णिया जिले में भवानीपुर प्रखंड के बसंतपुर चिंतामणि उस्कावरी पंचायत के मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ की अध्यक्ष सोनी सिंह के पति दौलत सिंह की हत्या करने की नीयत से बीती रात अज्ञात बदमाशों ने उनपर दो गोली चलायी जो चूक गयी. इसके बाद हथियार के बट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. फिर 32 हजार रुपये भी लूट लिये. इस बाबत बलिया थानाध्यक्ष रामलाल भारती ने बताया कि घायल मुखिया पति का इलाज पुलिस की देखरेख में कराया गया है. उन्होंने बताया कि आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर कार्यवाई की जायेगी . थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.

   रस्सी खींच कर बाइक से गिराने की साजिश       घायल मुखिया पति दौलत सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि वह बाइक से अपने घर से पंचायत के कदवाबासा किसी काम से जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते मे महेशपुरा के नजदीक तीन अज्ञात बदमाशो ने रस्सी से सड़क को घेर कर उनकी बाइक को गिराने का प्रयास किया, परन्तु वह अपनी बाइक को रोक लिये. बताया कि जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी कि तीनों बदमाश उसके सीने में देशी कट्टा सटाकर गोली चलाने का प्रयास किया .

केला खेत में थी जान से मारने की तैयारी, फरिश्ता बनकर आया ऑटोवाला
घायल मुखिया पति ने बताया कि बदमाशों ने दो बार गोली चलाने का प्रयास किया परंतु दोनों बार गोली मिसफायर हो गयी. इसके बाद बदमाशों ने दौलत सिंह के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों पर कट्टा के बट से मारते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया. दौलत सिंह ने बताया कि इस दौरान बदमाशों ने उनके पास से 32 हजार रुपये भी लूट लिया. इस दौरान बदमाश पास के केला खेत मे ले जाकर हत्या करने की बात कर रहे थे. कह रहे मार दो नहीं तो यह फिर से मुखिया बन जायेगा. इसी दौरान उधर से एक ऑटो को आता देख तीनों बदमाश मौके से भाग निकले.

घायल मुखिया पति को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घायल मुखिया पति ने घटना की जानकारी अपने परिवार और बलिया थाना को दी. इसके बाद बलिया थानाध्यक्ष रामलाल भारती दलबल के साथ मौके पर पहुंच घायल मुखिया पति को इलाज के लिए सीएचसी भवानीपुर लाये. जहां मौके पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डा. एसके चौधरी ने घायल मुखिया पति की स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार बाद उसे पूर्णिया रेफर कर दिया.