MADHEPURA NEWS:-आवासीय जेडी पब्लिक स्कूल में एक यूकेजी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, इलाके में सनसनी - Bihar City News

Breaking News

Sunday, June 7, 2026

MADHEPURA NEWS:-आवासीय जेडी पब्लिक स्कूल में एक यूकेजी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, इलाके में सनसनी

    ब्यूरो रिपोर्ट/सनातन कुमार 

MADHEPURA:मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव स्थित एक आवासीय स्कूल में रविवार सुबह छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को पाइप से लटकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद स्कूल संचालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान पोखराम परमानंदपुर वार्ड न.10 निवासी रामानंद यादव के पुत्र आनंद प्रेम  6वर्ष के रूप में हुई है। वह यूकेजी का छात्र था और पिछले करीब छह महीने से खारी स्थित जेडी पब्लिक स्कूल के आवासीय परिसर में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की दादी ने आरोप लगाया कि उनके पोते की हत्या कर शव को शौचालय के पास एक पाइप से बांध दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद स्कूल संचालक शव को घर पहुंचाकर चला गया। इसके बाद परिजन शव लेकर स्कूल पहुंचे।

परिवार का रो रो कर बुरा हाल 
मृतक की मां गुंजन देवी ने बताया कि रविवार सुबह स्कूल संचालक ने उन्हें घटना की सूचना दी। स्कूल पहुंचने पर मोबाइल फोन में दिखाए गए फोटो में उनका बेटा शौचालय के पास पाइप से बंधा हुआ दिखाई दे रहा था। उन्होंने बताया कि स्कूल संचालक की पत्नी उनके बेटे को रस्सी से खोलकर गोद में लिए रो रही थी। मां ने रोते हुए कहा कि उनका बेटा बहुत चंचल था और उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

दो अज्ञात छात्र को रस्सी से बांधकर ले जा रहा था
घटना को लेकर स्कूल के चौथी कक्षा के छात्र आकाश कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे  नींद खुलने पर उसने देखा कि दो अज्ञात व्यक्ति आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधकर उसे शौचालय की ओर ले जा रहे थे। उसने बताया कि दोनों अज्ञात का चेहरा ढंका हुआ था। नाम का पता नहीं चल पाया। वे स्कूल के पीछे बनी चदरा और फूस की घेराबंदी हटाकर परिसर में घुसे थे। उसके अनुसार, शोर मचाने और स्कूल प्रबंधन को सूचना देने के बाद दोनों वहां से भाग गए।

SP संदीप सिंह ने किया निरीक्षण
 जेडी पब्लिक स्कूल पिछले करीब पांच वर्षों से सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। घटना के बाद से स्कूल संचालक सुनील कुमार फरार हो गया। सूचना मिलने पर मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। SP संदीप सिंह ने खुद से घटनास्थल का निरीक्षण किया।