ARARIA NEWS:- तेज़ रफ़्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला. हादसे में मौके पर ही मौत,विरोध में एनएच जाम - Bihar City News

Breaking News

Saturday, June 6, 2026

ARARIA NEWS:- तेज़ रफ़्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला. हादसे में मौके पर ही मौत,विरोध में एनएच जाम


अररिया-फारबिसगंज मार्ग NH 27 स्थित लाइन चौक पेट्रोल पंप के पास शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया. हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान फारबिसगंज प्रखंड के अमहरा पंचायत अंतर्गत खमकोल वार्ड संख्या 02 निवासी 40 वर्षीय रविंद्र कुमार मंडल, पिता हरिहर मंडल के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार रविंद्र कुमार मंडल एक निजी कंपनी में कार्यरत थे व कटिहार में महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने बाइक से जा रहे थे. तभी लाइन चौक के पास एक ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक 
ट्रक छोड़कर फरार हो गया.

दो घंटे जाम,गर्मी में फंसे रहे राहगीर
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ एनएच 27 को दोनों तरफ से करीब 02 घंटे तक जाम कर दिया. फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. उमस भरी गर्मी में वाहन चालक व राहगीर बेहाल रहे.
एनएचएआइ कर्मी की लापरवाही पर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक के खिलाफ नारेबाजी की व एनएचएआइ कर्मी की लापरवाही पर भी सवाल उठाये. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क मरम्मत के दौरान कट पर कोई चेतावनी निशान नहीं लगाया जाता, जिससे आये दिन यहां-वहां तेज रफ्तार वाहनों से हादसे की आशंका के साथ हादसे होते आ रहे हैं. लोगों ने ऐसे संवेदनशील इलाकों में गति नियंत्रण के कड़े इंतजाम की मांग की.

पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सूचना पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, एसडीओ अभय कुमार, थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती, सीओ पंकज कुमार, एसआई शिवकुमार पासवान सहित भारी पुलिस बल पहुंचा. भाजपा नेता दिलीप पटेल व स्थानीय नेताओं ने परिजनों को समझाया. इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा व जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे के शिकार मृतक रविंद्र कुमार मंडल परिवार के मुख्य आधार थे. उनकी अचानक दुर्घटना में मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरा परिवार पर गहे सदमे में है. यातायात पुलिस ने बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. यह हादसा एक बार फिर फोरलेन पर सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर गया.