पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा तीन पुलिस अवर निरीक्षकों का स्थानांतरण एवं नए थानों में पदस्थापन किया गया है। एसपी कार्यालय से जारी जिलादेश के अनुसार, कुमारखंड प्रखंड की बेलारी के अलावा ग्वालपाड़ा प्रखंड की अरार और आलमनगर प्रखंड की रतवाना थाना में नए थानाध्यक्ष तैनात किए गए हैं। तीनों पदाधिकारियों को 24 घंटे के अंदर योगदान देने निर्देश दिया गया है।अवर निरीक्षक सुड्डू कुमार को मुरलीगंज थाना से स्थानांतरित कर रतवारा थानाध्यक्ष बनाया गया है। अवर निरीक्षक धीरज कुमार को अरार थानाध्यक्ष और अवर निरीक्षक स्नेहा कुमारी को मधेपुरा थाना से स्थानांतरित कर बेलारी थानाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।
सड़क दुर्घटना में तीन थानाध्यक्षों की मौत के बाद रिक्त था पद:
बताते चलें कि 11 जून की रात बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर घटित भीषण हादसे में मधेपुरा जिले के अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, रतवाना थानाध्यक्ष साजन पासवान और बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार की मौत हो गई थी।तीनों थानाध्यक्ष राज्य पुलिस मुख्यालय में सीसीटीएनएस का प्रशिक्षण लेकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इस हृदय विदारक घटना में तीनाें थानाध्यक्षों के अलावा निजी वाहन चालक की भी मौत हो गई थी।