SUPAUL:- सुपौल में 19 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या, स्कूल भवन के बरामदे पर मिला शव - Bihar City News

Breaking News

Tuesday, May 19, 2026

SUPAUL:- सुपौल में 19 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या, स्कूल भवन के बरामदे पर मिला शव

    ब्यूरो रिपोर्ट 
सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र के चरणै वार्ड संख्या-4 में सोमवार की मध्यरात्रि एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 19 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घर के समीप स्थित एक सरकारी विद्यालय की पहली मंजिल के बरामदे पर युवती का रक्तरंजित शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान वंदना कुमारी के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय सियाराम सरदार की पुत्री थी। घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थानाध्यक्ष यूगल किशोर देर रात ही घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
मंगलवार सुबह त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभाष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एफएसएल एवं तकनीकी शाखा की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल के समीप से युवती का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वंदना कुमारी घर के बरामदे में बने दुकाननुमा कमरे में अपने भतीजे के साथ सो रही थी। देर रात किसी का फोन आने के बाद वह घर से निकलकर पास स्थित विद्यालय भवन की ओर चली गई। आशंका जताई जा रही है कि पहले से मौजूद लोगों ने वहीं उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवती के शरीर पर अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि मृतका की बड़ी बहन शोभा देवी की एक वर्ष पूर्व असामयिक मौत हो गई थी। परिवार में वंदना की शादी अपने जीजा से कराने की चर्चा चल रही थी। वहीं युवती के किसी युवक के साथ प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आ रही है।
प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले के खुलासे में जुटी हुई है।