सहरसा। महिषी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने जल संसाधन विभाग के जूनियर इंजीनियर राजेश कुमार पर हमला कर दिया. लूटपाट के दौरान बदमाशों ने उनकी गर्दन में चाकू मारा, वे गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि राजेश कुमार पूर्वी कोशी तटबंध के सरोनी इलाके में चल रहे काम का निरीक्षण कर लौटते समय अपराधियों ने घटना का अंजाम दिया.
सहरसा जिले में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है. ये मामला महिषी थाना क्षेत्र का है, जहां जल संसाधन विभाग के जूनियर इंजीनियर राजेश कुमार पर अपराधियों ने हमला कर दिया. लूटपाट के दौरान बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
लूटपाट करने की कोशिश
बताया जा रहा है कि जूनियर इंजीनियर राजेश कुमार पूर्वी कोशी तटबंध के सरोनी इलाके में चल रहे विभागीय कार्य का निरीक्षण करने गए थे. निरीक्षण के बाद वह वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया. बदमाशों ने उनसे लूटपाट करने की कोशिश की. विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और गर्दन में चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया.
घायल इंजीनियर को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल इंजीनियर को इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है. फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
तलाशी अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही महिषी थाना की पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है. घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है.
असामाजिक तत्व सक्रिय
इस घटना के बाद विभागीय कर्मियों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि तटबंध इलाके में अक्सर असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.