SAHARSA:-सहरसा में ट्रक और टैंकर की भीषण टक्कर, दोनों चालक गंभीर; 12 घंटे तक जाम से लोग परेशान - Bihar City News

Breaking News

Sunday, May 17, 2026

SAHARSA:-सहरसा में ट्रक और टैंकर की भीषण टक्कर, दोनों चालक गंभीर; 12 घंटे तक जाम से लोग परेशान



सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजनाथपुर-सोनवर्षाराज मुख्य मार्ग पर चकला गांव के समीप शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक और टैंकर के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल चालकों को इलाज के लिए सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों वाहन सड़क के बीचोंबीच क्षतिग्रस्त होकर फंस गए।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

घटना के बाद बैजनाथपुर-सोनवर्षाराज मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रविवार सुबह तक, यानी करीब 12 घंटे बीत जाने के बाद भी दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और टैंकर को सड़क से हटाया नहीं जा सका था।

इस कारण इस मार्ग से गुजरने वाले दैनिक यात्रियों, स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द यातायात बहाल कराने की मांग की।

जाम खुलवाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सौरबाजार थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने भारी क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्ट कर वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया।

समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन मार्ग को पूरी तरह सामान्य करने में जुटा हुआ था।