Muzaffarpur News:-मुज़फ्फरपुर में 3389 लीटर विदेशी शराब जब्त: थार समेत 5 गाड़ियां बरामद, पुलिस को देखते ही तस्कर फरार - Bihar City News

Breaking News

Tuesday, May 19, 2026

Muzaffarpur News:-मुज़फ्फरपुर में 3389 लीटर विदेशी शराब जब्त: थार समेत 5 गाड़ियां बरामद, पुलिस को देखते ही तस्कर फरार



बिहार न्यूज़, मुज़फ्फरपुर में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के तहत मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3389.4 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल हो रही थार समेत पांच गाड़ियों को भी बरामद किया गया। हालांकि पुलिस की घेराबंदी देख तस्कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी कि हथौड़ी थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप उतारी जा रही है। सूचना मिलते ही इसे जिले के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के साथ साझा किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल विशेष टीम गठित कर छापेमारी के निर्देश दिए।

भदई गाछी इलाके में की गई घेराबंदी
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने हथौड़ी थाना अंतर्गत भदई गाछी इलाके में घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही शराब अनलोड कर रहे तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। तस्कर शराब और वाहन छोड़कर जंगल और झाड़ियों की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और घने इलाके का फायदा उठाकर सभी आरोपी फरार हो गए।
थार, ट्रक और डिजायर समेत 5 वाहन जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से पांच वाहनों को जब्त किया। इनमें एक बड़ा ट्रक शामिल है, जिसका उपयोग शराब की मुख्य खेप लाने में किया जा रहा था। इसके अलावा एक महिंद्रा थार, एक पिकअप वैन और दो कारें, जिनमें डिजायर भी शामिल है, बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, तस्कर वीआईपी नंबर प्लेट और महंगी लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे थे ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो। जब्त पिकअप वैन कुढ़नी इलाके की एक फर्नीचर दुकान से जुड़ी बताई जा रही है।
फरार तस्करों की तलाश में छापेमारी
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शराब तस्करों का नेटवर्क काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था। पुलिस अब जब्त वाहनों के मालिकों की पहचान कर रही है और फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
मामले में हथौड़ी थाने में उत्पाद अधिनियम और शराबबंदी कानून की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टेक्निकल सेल और स्थानीय इनपुट के आधार पर शराब माफियाओं को चिन्हित करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में शराबबंदी कानून को हर हाल में लागू किया जाएगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।