इलाके में चला सर्च ऑपरेशन:
मधेपुरा जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाया। समाहर्ता के निर्देश पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में एक साथ छापेमारी कर 436 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की। इस दौरान नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई संदिग्ध ठिकानों की भी तलाशी ली गई।
जिलेभर में चला विशेष अभियान
उत्पाद विभाग की टीम ने स्टेडियम परिसर, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। इसके अलावा प्रमुख सड़कों पर वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। दवा दुकानों में भी तलाशी लेकर नशे में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाओं की जांच की गई।
बिहारीगंज में देसी चुलाई शराब बरामद
बिहारीगंज थाना क्षेत्र के कोठी टोला में छापेमारी के दौरान करीब तीन लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। मौके से अमरेंद्र कुमार मंडल और छत्तीस मंडल को गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कुमारखंड में भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त
कुमारखंड थाना क्षेत्र के टिकुलिया वार्ड-10 में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 227.880 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में सुरेश यादव और राज कुमार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार शराब की खेप को गुप्त रूप से सप्लाई करने की तैयारी थी।
कोडिनयुक्त कफ सिरप के साथ दो गिरफ्तार
मधेपुरा थाना क्षेत्र के सुखासन पेट्रोल पंप के पास छापेमारी के दौरान 10.500 लीटर अवैध कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इस मामले में अभिनाश कुमार और राणा कुमार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि कफ सिरप का उपयोग नशे के रूप में किया जा रहा था।
कुमारखंड बाजार से 205 लीटर शराब बरामद
उत्पाद विभाग ने कुमारखंड बाजार में छापेमारी कर 205.200 लीटर विदेशी शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया। टीम ने शराब की खेप को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में भी कार्रवाई
अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जांच में दो लोगों के शराब पीने की पुष्टि होने पर उन्हें हिरासत में लिया गया।
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ कहा है कि जिले में शराब और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।