KHAGARIYA NEWS:- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट पर खगड़िया पुलिस की कार्रवाई - Bihar City News

Breaking News

Sunday, May 24, 2026

KHAGARIYA NEWS:- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट पर खगड़िया पुलिस की कार्रवाई


खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। अलौली थाना पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से हिरासत में लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अलौली थाना क्षेत्र के रौन गांव निवासी सुरेश यादव के पुत्र दिलखुश Kumar के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी पोस्ट की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर अलौली थाना पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने या किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक के खिलाफ आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह पोस्ट किस उद्देश्य से किया था और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या अभद्र सामग्री पोस्ट करने से बचें। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया एक प्रभावशाली माध्यम है, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।