पीड़िता की मां के अनुसार, यह घटना 17 मई 2026 की रात करीब 12 बजे की है। उनकी 15 वर्षीय बेटी घर में सो रही थी। इसी दौरान मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक कुमार उर्फ रॉकी अपने चार साथियों के साथ जबरन घर में घुस गया।
आरोपियों ने सो रही नाबालिग लड़की को उठा लिया और उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले गए। अभिषेक सहरसा के पटुआहा स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था।
बंधक बनाकर मारपीट और रेप का आरोप
मां ने आरोप लगाया है कि अभिषेक कुमार ने उनकी बेटी को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और रेप किया। देर रात जब मां की नींद खुली तो बेटी घर में नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने बच्ची की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद अगली सुबह मां को उनकी बेटी और मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार, राधे शर्मा के मुर्गा फार्म में मिले।
मां का आरोप है कि जब उन्होंने घटना का विरोध किया, तो वहां मौजूद रवींद्र कुमार, रामसुंदर कुमार और राधे शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने महिला को जाति-सूचक अपशब्द कहे और थप्पड़-मुक्कों से पीटा।
मां-बेटी को हत्या करने की दी धमकी
आरोपियों ने मां को धमकी दी कि यदि उन्होंने इस घटना के बारे में किसी को बताया या पुलिस में शिकायत की, तो मां-बेटी दोनों की हत्या कर उनकी लाशें गायब कर दी जाएंगी।
आवेदन में पीड़िता की मां ने बताया कि जब लड़का-लड़की को फार्म में पकड़ा गया था, तब स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में मोबाइल फोन से एक वीडियो भी बनाया गया था, जिसे जरूरत पड़ने पर पुलिस के समक्ष पेश किया जाएगा।
पीड़िता की मां ने सदर थाना पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है।
इधर सहरसा एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा कि गुरुवार की देर शाम पीड़िता की मां ने सदर थाने में शिकायत की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।