MADHEPURA:अभियुक्त संग होटल में दावत पड़ी भारी: मधेपुरा SP संदीप सिंह की बड़ी कार्रवाई, दारोगा समेत तीन सस्पेंड - Bihar City News

Breaking News

Monday, March 2, 2026

MADHEPURA:अभियुक्त संग होटल में दावत पड़ी भारी: मधेपुरा SP संदीप सिंह की बड़ी कार्रवाई, दारोगा समेत तीन सस्पेंड

    ब्यूरो रिपोर्ट/सनातन कुमार 

मधेपुरा में अपराधी को पुलिस की ओर से कथित रूप से वीआईपी ट्रीटमेंट दिए जाने की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल किये जाने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सदर एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती को जांच का आदेश दिया।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, शनिवार को गिरफ्तार किए गए कुख्यात अपराधी अंकज कुमार उर्फ लल्लू यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में आरोपी को बिना हथकड़ी के पुलिस की मौजूदगी में ले जाया जाता हुआ देखा गया। इतना ही नहीं, न्यायालय में पेशी के दौरान आरोपी अपने निजी लग्जरी वाहन का उपयोग करता भी नजर आया।
मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा। एक अन्य वीडियो में आरोपी को होटल में पुलिसकर्मियों के साथ बैठकर आराम से खाना खाते देखा गया। यह दृश्य सामने आते ही पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे अपराधियों के प्रति नरमी और अनुशासनहीनता का उदाहरण बताया।

जांच के बाद त्वरित कार्रवाई
वायरल वीडियो के आधार पर एसपी ने तत्काल जांच बैठा दी। सदर एसडीपीओ द्वारा जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपी गई। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आने के बाद एसपी ने सख्त कदम उठाते हुए सहायक अवर निरीक्षक राम उदय कुमार, चौकीदार अनिल कुमार और चौकीदार मोहम्मद रसूल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

तीनों निलंबित कर्मियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई स्पष्टीकरण और विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

पुलिस महकमे में सख्त संदेश
एसपी की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट संकेत गया है कि मधेपुरा पुलिस किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अपराधियों के प्रति नरमी को बर्दाश्त नहीं करेगी। पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाली गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।