मधेपुरा के श्याम दरगाह के पास बुधवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने एक शिक्षक को गोली मार दी। 26 साल के मणिकांत कुमार पर स्कूल जाने के दौरान बदमाशों ने फायरिंग की है। गोली लगने पर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मणिकांत मुरलीगंज थाना क्षेत्र के तिलकोरा वार्ड-11 का निवासी है।
बदमाशों ने की फायरिंग, पीठ में लगी गोली
यह घटना ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र की है। घायल शिक्षक के पिता ब्रजेश यादव ने बताया कि उनका बेटा उन्हें स्कूल छोड़ने के बाद अपने स्कूल नयानगर उदाकिशुनगंज जा रहा था। इसी दौरान सुबह लगभग 10 बजे अपराधियों ने पीछे गोली चला दी। गोली मणिकांत कुमार को पीठ में लगी है और पंजरा में फंसी हुई है।
घायल आईजीआईएमएस पटना रेफर
गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने ग्वालपाड़ा पीएचसी में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर किया गया। फिर हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईजीआईएमएस पटना भेज दिया।
अस्पताल के बाहर मौजूद घायल के परिजन
फायरिंग की वजह साफ नहीं, जांच जारी
बताया गया कि बीपीएससी से टीआरई वन में मणिकांत कुमार शिक्षक बना था। कुछ दिनों बाद उसकी शादी होने वाली है। अपराधियों ने बिना कुछ कहे उस पर गोली चला दी।
गोली किस वजह से मारी गई, इसका पता नहीं चल पाया है। ग्वालपाड़ा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस की लचर कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना की सूचना पर पूर्व विधायक प्रत्याशी अनिल बंधु घायल शिक्षक से मिलने मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पुलिस की लचर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गोलीबारी, लूट और छिनतई की घटनाएं बढ़ रही हैं। लेकिन पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है।