MADHEPURA NEWS: सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में रूपौली-दुलार-पिपराही-सिगियौन मार्ग पर बेकाबू ट्रैक्टर बाइक सवार को लगभग 25 मीटर तक घसीटता चला गया। गुरुवार की सुबह करीब 10.30AM बजे घटित इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिंहेश्वर प्रखंड की दुलार पिपराही पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी कृष कुमार(42) के रूप में हुई है।
मृतक दुलार पिपराही पंचायत के मुखिया पप्पू यादव के बड़े भाई थे। घटनास्थल पर गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार सड़क के बायीं ओर से जा रहे थे। विपरित दिशा से आर ही मिट्टी लदी ट्रैक्टर ने सीधी टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला।
स्वजन के अनुसार कृष कुमार सुबह करीब 10:30 बजे घर से बाजार की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान रूपौली-दुलार-पिपराही-सिगिंयौन सड़क पर विपरीत दिशा से आ रही मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मारने के बाद काफी दूर तक घसीट दिया, जिससे कृष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर एक नाबालिग चला रहा था और वह नशे की हालत में था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
इस दौरान दुलार पंचायत के मुखिया पप्पू यादव ने भी लोगों को शांत कराने में सहयोग किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।