ARARIA NEWS: अररिया जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।मामला पलासी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। गुरवार सुबह कनखुदिया-गंगझली मार्ग पर सुरकिया धार स्थित एक बांस झाड़ी में पत्नी का शव मिला। उससे पहले मारपीट की गई, फिर बेरहमी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। पति वहां पहुंचा और बीवी को शॉपिंग के बहाने वहां से बाजार ले गया और रास्ते में उसको मारकर फेंक दिया। पति अपने 4 साल के बेटे को वहां से ले भागा।
मृतका की पहचान पलासी थाना क्षेत्र के मजलिसपुर पंचायत के पनडुब्बी निवासी गौरव मंडल की पत्नी नविता देवी के रूप में हुई। उसकी उम्र 27 साल थी। नविता का मायके पलासी थाना क्षेत्र के ही पीपरा बिजवार में था। वह विद्यानंद मंडल की बेटी थी। सात साल पहले नविता की शादी गौरव से हुई थी।
दो साल से मायके में रहती थी पत्नी
पति से मनमुटाव के बाद वह पिछले दो साल से अपने तीनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। विवाहिता का शव मिलने की सूचना मिलते ही पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंच कर लोगों से जानकारी ली। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका के पिता एवं पीपरा बिजवार निवासी विद्यानंद मंडल ने बताया कि नवीता की शादी के बाद 5 साल तक बेटी और दामाद में कुछ ठीक चला। इस दौरान उनके 3 बच्चे भी हुए। मगर उसके बाद गौरव ने नविता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पिता के साथ भी हुई थी मारपीट
पीपरा बिजवार के सरपंच प्रतिनिधि मुन्ना मंडल ने बताया कि दो साल पहले नविता के पिता विद्यानंद मंडल अपनी बेटी को लेने पनडूब्बी गांव गए थे। मगर दामाद और समधी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की थी। इसके बाद पंचायती हुई। फिर नविता देवी तीनों बच्चों के साथ ससुराल छोड़कर मायके पिपरा विजवार आ गई।
पंजाब में मजदूरी करता था (पति) गौरव
विद्यानंद ने बताया कि बुधवार को उनका दामाद गौरव पंजाब से घर आया। इसके बाद वह सीधे पिपरा विजवार पहुंचा। वहां उसने पत्नी नविता को कलियागंज बाजार में शॉपिंग कराने की बात कही। नविता अपने 4 साल के बेटे आर्यन को लेकर पति के साथ चली गई। मगर रास्ते में ही उसकी गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई।
गुरुवार सुबह लोगों ने नविता का शव देखा तब मामले का खुलासा हुआ। घटना के बाद मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है। मां गीता देवी, बहन जूना देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतका के दोनों बच्चे को समझ में नहीं आ रहा कि क्या हुआ है।
पति को तलाशने में पुलिस
इधर, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पति गौरव ने नविता देवी मारपीट कर गला दबाकर हत्या की है। मृतका के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। गौरव अपने चार वर्षीय बेटे के साथ फरार है।