SUPAL:सुपौल में शनिवार रात एक आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, उसका शीशा टूट गया तथा एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का देर रात राघोपुर अस्पताल में इलाज कराया गया।
घटना करजाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीपुर वार्ड-1 की है। घायलों में एसआई प्रज्ञा भारती पल्लवी (28), चंदन कुमार(26) तथा छेदी मिस्त्री(57) शामिल हैं।
करजाइन थाना की एसआई प्रज्ञा भारती पल्लवी पुलिस बल के साथ एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मोतीपुर वार्ड-1 पहुंची थीं। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में भी ले लिया था। इसी दौरान आरोपी के परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
आरोप है कि देखते ही देखते महिलाओं समेत कई लोगों ने ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और अन्य वस्तुओं से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया और उसका शीशा टूट गया। अचानक हुए हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ की मारपीट
हालांकि, गांव के कुछ लोगों का आरोप है कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम ने पहले ग्रामीणों के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस संबंध में करजाइन थाना प्रभारी ललन झा ने बताया कि पुलिस टीम एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई थी। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उसके परिजनों और अन्य लोगों ने अचानक पुलिस दल पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना में सरकारी वाहन का शीशा टूट गया तथा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
थाना प्रभारी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी।
वहीं एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि सब इंस्पेक्टर प्रज्ञा भारती पल्लवी गस्ती में थी। जिस दौरान कुछ ग्रामीणों के द्वारा सुचना मिला की एक 307 का मुदालय है। यह पर जिस दौरान गिरफ्तारी करने गई। गिरफ्तार भी कर लिया। लेकिन उसी केस का अन्य मुदालय उस केस में 20 मुदालय है। महिला पुलिस पदाधिकारी से नोंक झोंक करने लगा। इसी दौरान पुलिस वाहन पर ईंट मार दिया। जिसमें वाहन के आगे से हल्की सी क्रैक हुई है शीशा। इसी दौरान आरोपी भाग गया। वहीं इस मामले में तीन गिरफ्तारी हुई है। और छापेमारी जांच चल रही है।