सौर बाज़ार
रामपुर पंचायत के वार्ड नंबर 13 में जमीन विवाद को लेकर 55 वर्षीय लड्डूकांत झा की मौत हो गई। 11 जून की शाम 6 बजे उन पर हमला हुआ था। वे किसी काम से बाहर जा रहे थे, तभी देखा कि अखिलेश यादव और कुछ अन्य लोग विवादित जमीन पर मिट्टी गिरा रहे हैं। विरोध करने पर सभी ने मिलकर उन्हें बेरहमी से पीटा। मारपीट की खबर मिलते ही उनके भतीजे गंगेश गुंजन और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव करने पर उन्हें भी पीटा गया। गंभीर रूप से घायल लड्डूकांत झा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में थोड़ा सुधार होने पर उन्हें घर ले जाया गया। 16 जून को तबीयत फिर बिगड़ी। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार दोपहर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार किया। इसके बाद मृतक के भतीजा गंगेश गुंजन कुमार ने थाना में आवेदन देकर अखिलेश यादव, विमलेश यादव, मिथलेश यादव, फुकन यादव, प्रियरंजन यादव और आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों पर कार्रवाई की मांग की।दो महीना बीतने के बाद भी सौर बाजार पुलिस ने किसी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। आरोपी खुलेआम गांव की सड़कों पर घूम रहे हैं। इससे पीड़ित परिवार के साथ ग्रामीणों में भी प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। लोग सौर बाजार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे है।