हेडलाइन:
पूर्णिया में किराना दुकानदार महिला का शव फंदे से लटका मिला, मोबाइल खरीदने को लेकर पति से हुआ था विवाद; पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
पूर्णिया:
बिहार के पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र में एक महिला का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान फुलकुमारी देवी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नगर परिषद वार्ड संख्या-26 के पूर्वी मंडल टोला की रहने वाली थीं और घर पर किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। सूचना मिलते ही बनमनखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
बेटे ने बताई घटना से पहले की पूरी कहानी
मृतका के 10 वर्षीय बेटे आकाश कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह उसकी मां और पंजाब में मजदूरी कर रहे उसके पिता के बीच मोबाइल खरीदने को लेकर फोन पर विवाद हुआ था। इसके बावजूद उसकी मां बुधवार को बाजार से नया मोबाइल खरीदकर घर लौटी थीं।
बच्चे के अनुसार, मोबाइल खरीदने के बाद उसकी मां ने दुकान बंद कर आराम करने की बात कही और उसे कुछ देर बाद जगाने के लिए कहा। इसी बीच मोबाइल दुकानदार पैसे लेने घर पहुंचा। जब मां को खोजा गया तो वह कमरे में नहीं मिलीं। बाद में दादी के कमरे का दरवाजा खोलने पर वह फंदे से लटकी मिलीं।
तीन महीने से पंजाब में था पति
मृतका के पति छोटू मल्लाह ने बताया कि वह पिछले तीन महीने से पंजाब में मजदूरी कर रहे हैं। घटना से पहले सुबह उनकी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार महिला के सास-ससुर भी दो दिन पहले पंजाब चले गए थे, जिसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ घर में अकेली रह रही थीं।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
फुलकुमारी देवी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें 10 वर्षीय आकाश कुमार, 8 वर्षीय नंदिनी कुमारी और 6 वर्षीय अमरेश कुमार शामिल हैं। महिला घर पर किराना दुकान चलाकर बच्चों की देखभाल कर रही थीं।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस कर रही जांच
मृतका के भाई छोटू कुमार, जो बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के अरबन्ना गांव के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी बहन की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी। उन्हें दोपहर में बहनोई ने घटना की जानकारी दी।
बनमनखी के एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। बच्चे के बयान के अनुसार महिला ने बच्चों को बाहर भेज दिया था और बाद में वह फंदे से लटकी मिलीं। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
> नोट: आत्महत्या जैसी घटनाओं के पीछे कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।