हेडलाइन:
पूर्णिया में शराब तस्करी पर बड़ा प्रहार: 282 लीटर बीयर बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार, दो कार जब्त
पूर्णिया: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पूर्णिया जिले की अमौर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो चारपहिया वाहनों से 282 लीटर अवैध बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अमौर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि संध्या गश्ती और वाहन जांच अभियान के दौरान दो संदिग्ध कारों को रोककर तलाशी ली गई। जांच में दोनों वाहनों से कुल 282 लीटर बीयर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पोठिया गंगैली वार्ड संख्या-08 निवासी टुलाई कुमार विश्वास उर्फ अशोक कुमार, रंजीत कुमार विश्वास और अजय कुमार विश्वास के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ अमौर थाना कांड संख्या 324/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त बीयर और दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष संजय कुमार, अपर थानाध्यक्ष अनंत राम, पुलिस अवर निरीक्षक बंशभूषण कुमार, सशस्त्र पुलिस बल तथा ग्रामीण पुलिस शंकर कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।