SAHARSA NEWS:- सहरसा में पिस्टल लहराते युवक का वीडियो एक माह से वायरल, कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल - Bihar City News

Breaking News

Tuesday, June 2, 2026

SAHARSA NEWS:- सहरसा में पिस्टल लहराते युवक का वीडियो एक माह से वायरल, कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल

    ब्यूरो रिपोर्ट/सनातन कुमार 

सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र में हथियार लहराते एक युवक का वीडियो पिछले करीब एक माह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामला पुलिस के संज्ञान में होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है.

वायरल वीडियो में एक युवक बांसबाड़ी के बीच पिस्टल जैसी वस्तु लहराते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो को कथित तौर पर एक अश्लील गीत के साथ संपादित कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है. इसके अलावा वीडियो और तस्वीरों में पांच युवकों को एक साथ फोटोशूट कराते हुए भी देखा जा सकता है.

सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा वीडियो
स्थानीय लोगों के अनुसार वायरल वीडियो में संबंधित युवक दो अलग-अलग परिधानों में नजर आता है. एक तस्वीर में वह शर्ट-पैंट पहने हुए है, जबकि दूसरी तस्वीर में कोट-पैंट में दिखाई देता है. दोनों तस्वीरों में उसके हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु साफ दिखाई दे रही है.

कोट-पैंट वाली तस्वीर किसी समारोह या कार्यक्रम स्थल की प्रतीत होती है. वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में हथियारों के प्रदर्शन और युवाओं में बढ़ती दिखावे की प्रवृत्ति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है.

कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो लंबे समय से सोशल मीडिया पर मौजूद है. इसके बावजूद अब तक युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. लोगों का आरोप है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती है तो इससे गलत संदेश जाएगा और असामाजिक तत्वों का हौसला बढ़ सकता है.

कई लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर सख्त कदम उठाने की मांग की है.