BIHAR:भिंडी तोड़ने गई महिला को लगा करंट, बचाने पहुंचे बेटे की भी मौत। - Bihar City News

Breaking News

Wednesday, June 3, 2026

BIHAR:भिंडी तोड़ने गई महिला को लगा करंट, बचाने पहुंचे बेटे की भी मौत।


नवगछिया (भागलपुर)। रंगरा प्रखंड के मदरौना गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में मां और उसके इकलौते बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मां को बचाने के प्रयास में बेटे की भी जान चली गई, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान मदरौना गांव के वार्ड संख्या छह निवासी सरिता देवी (44), पति मनोज कुमार सिंह और उनके पुत्र सुंदरम कुमार (27) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार सुंदरम परिवार का इकलौता पुत्र था और उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी।

भिंडी तोड़ने गई थीं सरिता देवी

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजे सरिता देवी घर के पीछे स्थित मुर्गा फार्म के पास भिंडी के खेत में सब्जी तोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान बिजली के तार में कटाव होने के कारण मुर्गा फार्म में लगी लोहे की चादरों में करंट प्रवाहित हो गया था।

अनजाने में जैसे ही सरिता देवी लोहे की चादर के संपर्क में आईं, उन्हें तेज करंट का झटका लगा और वह वहीं छटपटाने लगीं। आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही घटना ने गंभीर रूप ले लिया।

मां को बचाने पहुंचा बेटा भी बना शिकार

मां को करंट की चपेट में देख पुत्र सुंदरम कुमार उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़ा। लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही क्षणों में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और अचेत हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। किसी तरह दोनों को करंट की चपेट से बाहर निकालकर तत्काल रंगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

अस्पताल से पूर्णिया किया गया रेफर

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही मां और बेटे ने दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध रह गए।

पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए गंगा घाट ले जाया गया।ग्रामीणों का कहना है कि एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। मां को बचाने के प्रयास में बेटे की जान चले जाने की घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। गांव में देर शाम तक इसी हृदयविदारक हादसे की चर्चा होती रही।