Bhagalpur भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र में डायल 112 में तैनात सिपाही आलोक रंजन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक सिपाही मूल रूप से दरभंगा जिले के निवासी थे और सबौर में किराए के मकान में रहकर अपनी सेवा दे रहे थे
जानकारी के अनुसार रविवार रात ड्यूटी पूरी करने के बाद आलोक रंजन अपने किराए के कमरे पर लौटे थे. भोजन करने के बाद वह सो गए. सोमवार सुबह जब सहकर्मियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया तो उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद तत्काल मामले की सूचना सबौर थाना पुलिस को दी गई.सूचना मिलने के बाद पुलिस और सहकर्मियों ने आलोक रंजन को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नवनीत कुमार और सबौर थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने सहकर्मियों से घटना के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. परिजन भागलपुर के लिए रवाना हो चुके हैं.