Madhepura:-तेज रफ्तार वाहन ने स्कॉर्पियो में मारी टक्कर,एक की मौत:4 घायल, मधेपुरा में NH-106 पर हुआ हादसा। - Bihar City News

Breaking News

Monday, May 12, 2025

Madhepura:-तेज रफ्तार वाहन ने स्कॉर्पियो में मारी टक्कर,एक की मौत:4 घायल, मधेपुरा में NH-106 पर हुआ हादसा।

    ब्यूरो रिपोर्ट/सनातन कुमार 
      
       मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र में एनएच-106 पर भीषण सड़क हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी संतोष सिंह राठौर उर्फ बबलू (42) के रूप में हुई। हादसा सोमवार को एनएच-106 पर भर्राही बाजार के दक्षिण में हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष सिंह राठौर अपने गांव के ही ददन सिंह, अशोक सिंह, ललन सिंह और संतोष सिंह (शाहपुर पंचायत की मुखिया के पति) के साथ स्कॉर्पियो से सहरसा जिले के धबोली से सुपौल जिले के अनदीपट्टी गए थे। वापसी के दौरान मधेपुरा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी ने उनकी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों ने घायलों को निकाला

जिससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे बांसबाड़ी की ओर पलट गया। हादसे में संतोष सिंह राठौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को बाहर निकाला और दूसरी गाड़ी की मदद से मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा।
                 मृतक संतोष सिंह राठौर उर्फ बबलू 
 
ददन सिंह की स्थिति चिंताजनक होने पर उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की खबर से गांव में मातम छा गया। संतोष सिंह राठौर के घर पर कोहराम मच गया है।

वहीं उसकी पत्नी गुडली देवी की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है। संतोष सिंह अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। ग्वालपाड़ा और भर्राही थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।